संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना कार्यालय में बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर और देहात क्षेत्र की मस्जिदों के इमाम, ईदगाह कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।
सीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि त्योहार के दिन नमाज पढ़ने आने-जाने वालों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने ईदगाह कमेटी को निर्देश दिए कि नमाज ईदगाह परिसर में अदा की जाए और सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि ईदगाह में आने-जाने वालों के रास्ते में कोई रुकावट न डाली जाए। सभी से मिलजुलकर भाईचारे और प्रेम के साथ ईद मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ईद का पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में धूमधाम से मनाया जाएगा। शांति बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। बैठक में शहर काजी मुफ्ती शाकिर कासमी, निजाम अंसारी, समर कुरैशी, मशकूर खान, वकार खान, आरिफ अहमद आदि शामिल रहे।
शांति समिति की बैठक आयोजित की
मुंडाली। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करने के लिए मुंडाली थाना क्षेत्र लोटी, नंगलामल, मुंडाली व अजराड़ा आदि गांव में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसओ मुंडाली रामगोपाल सिंह ने कहा कि आपसी भाईचारे में रहें। किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें। निर्धारित स्थान पर ही मस्जिद या ईदगाह में नमाज अदा करें। रास्ते में कोई भी नमाज अदा न करे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। इस दौरान प्रधान मुस्लिम, जुल्फिकार, सद्दाम, गुरमीत आदि लोग उपस्थित रहे।