उत्तराखंड बस सेवा बंद होने से यात्री बेहाल
मेरठ। उत्तराखंड में कोविड प्रोटोकॉल की सख्ती का असर रोडवेज यात्रियों पर पड़ रहा है। पिछले पांच दिन से यूपी रोडवेज की बस सेवा उत्तराखंड के लिए बंद हैं। परेशान यात्रियों को वहां जाने के लिए उत्तराखंड डिपो की बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि हालात सामान्य होने पर ही संचालन नियमित हो सकेगा।
मेेरठ से देहरादून, धर्मनगरी हरिद्वार और ऋषिकेश और कोटद्वार के लिए मेरठ रोडवेज की करीब 30 बसों का संचालन हो रहा था। कोरोना संक्रमण बढ़ने और पड़ोसी राज्य में अधिक सख्ती के कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ। उत्तराखंड जाने के लिए भैसाली बस अड्डे पर यात्रियों को मेरठ डिपो की कोई बस नहीं मिल रही है। इसके चलते यात्रियों को उत्तराखंड डिपो की बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
इस बारे में मेरठ डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज का कहना है कि कोविड प्रोटोकाल में उत्तराखंड में बस सीटिंग क्षमता से 50 फीसदी यात्री ही ले जाए जा सकते हैं। इससे विभाग को इन रूटों पर बस चलाने में भारी घाटा हो रहा है। डिपो की काफी बसें पंचायत चुनाव के लिए गई हैं और काफी बसों की जरूरत कौशांबी से गोरखपुर आदि के लिए पड़ रही है। इन कारणों के चलते बसों की सेवा प्रभावित हो रही है। हालात सामान्य होते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।