मेरठ। शॉप्रिक्स मॉल में कार चालक ने पार्किंग के गेट में जोरदार टक्कर मार दी। गेट ऊपर गिरने से गार्ड घायल हो गया। मॉल के सिक्योरिटी अधिकारी संदीप मलिक ने रिपोर्ट कराते हुए बताया कि पार्किंग में एक लाल रंग की संदिग्ध कार काफी देर से खड़ी थी। पार्किंग सुपरवाइजर ने चालक से पूछताछ करने का प्रयास किया तो वह तेज रफ्तार में कार लेकर भागने लगा। गार्ड नरेंद्र ने गेट बंद कर उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार की टक्कर मारकर गेट तोड़ दिया। गेट ऊपर गिरने से नरेंद्र घायल हो गया। चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संवाद
युवक पर हमला कर किया घायल
मेरठ। शास्त्री नगर प्रवेश विहार निवासी लविश अधाना बुधवार को बागपत रोड से शास्त्रीनगर दवा लेकर जा रहा था। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में आईपी हॉस्पिटल के सामने कुछ युवकों ने उसे रोककर अभद्रता की। विरोध करने पर लोहे के कड़े और रॉड से हमला कर दिया। बाद में भीड़ जुटते देखकर आरोपी फरार हो गए। लविश के सिर में आठ टांके आए हैं। पीड़ित ने तहरीर के साथ घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद