मेरठ। जिले में सर्किल रेट में बढ़ोतरी के प्रस्ताव की फाइल को जिलाधिकारी दीपक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार को वापस कर दिया। डीएम ने सहायक आयुक्त स्टांप को निर्देश दिए कि इस मामले में विकास प्राधिकरण, आवास विकास के अधिकारियों के साथ ही एडीएम वित्त के साथ बैठक की जाए। इसमें रेट पर पूरी चर्चा और मंथन के बाद ही फिर से प्रस्ताव रखा जाए। तब ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दरअसल, रजिस्ट्री विभाग के सभी छह उपनिबंधकों ने सर्वे करने के बाद नए सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार किया था। इसमें वीआईपी सहित अन्य क्षेत्रों में 10 से 20 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव रखा गया था। सहायक आयुक्त स्टांप ज्ञानेंद्र कुमार बृहस्पतिवार को प्रस्तावित सर्किल रेट की फाइल लेकर डीएम से मिले। डीएम ने कहा कि सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार करने से पहले विकास प्राधिकरण, आवास विकास के अधिकारियों और एडीएम वित्त के साथ चर्चा कीजिए। इसके बाद ही सर्किल रेट का प्रस्ताव बनाएं।
डीएम की ओर से पहले प्रस्ताव की फाइल लौटाने के बाद अब सर्किट रेट को लेकर फिर से मंथन किया जाएगा। सहायक आयुक्त स्टांप का कहना है कि जल्द ही दोनों विभाग के अधिकारी और एडीएम वित्त के साथ बैठक की जाएगी। डीएम के निर्देश पर सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोबारा से सर्किल रेट का प्रस्ताव रखेंगे।