सरधना। कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी स्थित एक गुरुकुल में छात्र के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने गुरुकुल से उसका नाम कटवाने के बाद फीस वापस मांगी तो उन्हें धमकी दी जाने लगी। पीड़ित परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
ईकड़ी रोड धर्मपुरी मोहल्ला निवासी अमर सिंह ने तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने पौत्र अनिरुद्ध का दाखिला गंगनहर पटरी स्थित गुरुकुल में कराया था। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया था कि छात्र को शिक्षा, आवास और भोजन की सभी सुविधाएं दी जाएंगी। करीब एक लाख रुपये फीस के रूप में जमा कराए।
कुछ दिन बाद छात्र से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि गुरुकुल में उसके साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। अन्य छात्रों ने भी बताया कि अनिरुद्ध का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। परिजन गुरुकुल से छात्र को अपने साथ घर ले आए। अमर सिंह का आरोप है कि फीस वापस मांगने पर प्रबंधन ने कुछ दिन में लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन लगातार टालमटोल करते रहे। अब प्रबंधन पैसे लौटाने से इन्कार कर रहा है और धमकी भी दे रहा है।
गुरुकुल के प्रबंधक विरेंद्र सिंह का कहना है कि संस्था के प्रधानाचार्य पर गबन और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगा है। प्रधानाचार्य 20 अप्रैल, 2025 से फरार हैं। मामला पुलिस के संज्ञान में है। मामले की जांच फीस रसीदों और अन्य अभिलेखों के आधार पर की जा रही है। वह इस प्रकरण का निष्पक्ष समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।