ब्लॉक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है। इसके बीच दावेदार तैयारी में जुट गए हैं। इस चुनाव में जिला पंचायत की तरह धन और बल का खुलकर प्रयोग होना तय माना जा रहा है।
क्योंकि चुनाव में बाहुबलियों के साथ ही धनकुबेर भी मैदान में उतर रहे हैं। इन सबके बीच राजनीतिक दलों में सपा और बसपा की तरफ से जहां प्रत्याशी मैदान में उतरने को तैयार हो रहे हैं, वहीं भाजपा फिलहाल किनारा किए हुए हैं।
अभी तक ये दावेदार आ रहे सामने
रोहटा ब्लॉक : जनपद के सबसे संवेदनशील। यहां से एक बार फिर ब्लॉक प्रमुख से बिजेंद्र प्रमुख परिवार से प्रत्याशी आना तय हो चुका है। बिजेंद्र प्रमुख अपनी भाभी बॉबी को मैदान में उतार रहे हैं, लेकिन इनके बीच योगेश भदौड़ा की भाभी कविता पत्नी प्रमोद भदौड़ा के भी आने की चर्चा तेज है। यदि ऐसा होता है तो यहां का चुनाव सबसे संवेदनशील होगा।
जानी : चर्चित भूपेंद्र बाफर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि भूपेंद्र बाफर को फिलहाल जिला प्रशासन ने जिला बदर किया हुआ है और वह गाजियाबाद-मेरठ बॉर्डर के गांव पतला निवाड़ी में कैंप कर अपना चुनाव संचालित कर रहे हैं। लेकिन उनके सामने अनिल मुजक्कीपुर और ऋषि राणा कुराली ताल ठोक रहे हैं।
परीक्षितगढ़ : सपा की तरफ से धर्मेंद्र नागर प्रत्याशी के रूप में सामने आ चुके हैं। जबकि केपी सिंह खुंटी और राजीव इंद्राज शिवपुरी आपस में तय कर रहे हैं। लेकिन इन दोनों में से किसी एक का आना तय है।
माछरा : पूर्व ब्लॉक प्रमुख ब्रजवीर की पत्नी कमलेश के सामने वर्तमान प्रमुख मुकेश के साथ ही ममता चौधरी और रणवीर कौर ताल ठोंक सकती हैं। हालांकि ब्लॉक प्रमुख पति देवेंद्र गुर्जर अभी इस बार दावेदारी से इंकार भी कर रहे हैं। यहां धनबल का चुनाव होना तय है।
खरखौदा : चुनाव हाईप्रोफाइल होगा। क्योंकि यहां से सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमपाल गुर्जर की पत्नी मंजू के सामने पीपलीखेड़ा के शमसुद्दीन की पत्नी अंजना ताल ठोक रही है। ओमपाल गुर्जर की मां भी क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं।
मवाना : एक बार फिर धीरज पहाड़पुरिया की पत्नी अनिता पहाड़पुरिया मैदान में है तो उनके सामने नया चेहरा गौरव भाटी मैदान में उतरा है।
हस्तिनापुर : सपा नेता और राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष मुकेश सिद्धार्थ की पत्नी कुसुम सिद्धार्थ के सामने निर्मला सैफपुर मैदान में उतर रही हैं।
सरूरपुर : फिलहाल राजेंद्र सिंह का नाम अकेले चर्चा में है।
मेरठ : सपा युवजन सभा के नगराध्यक्ष नितिन कसाना दावेदार बनकर सामने आए हैं।
दौराला ब्लॉक : यहां चुनाव हाईप्रोफाइल होगा। यहां से पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल देव के परिवार से और भाजपा नेता सुनील भराला के भाई अजय भराला के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। क्याेंकि अभी तक मुख्य रुप से ये दोनों ही चुनाव मैदान में हैं।
संवेदनशील रहेगा चुनाव
ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जिला पंचायत से ज्यादा संवेदनशील रहेगा। धन-बल के अलावा सत्ता का दबाव भी कई ब्लॉकों में नजर आएगा। अतिसंवेदनशील श्रेणी में रोहटा, जानी, दौराला और हस्तिनापुर ब्लॉक माने जा रहे हैं।
आरक्षण की स्थिति
जानी, दौराला, मवाना, मेरठ और परीक्षितगढ़ ब्लॉक प्रमुख का पद सामान्य, रोहटा और खरखौदा में सामान्य महिला, सरधना और सरूरपुर ब्लॉक प्रमुख का पद पिछड़ा वर्ग, माछरा ब्लॉक प्रमुख का पद पिछड़ा वर्ग महिला, रजपुरा ब्लॉक प्रमुख पद अनुसूचित जाति और हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित रखा गया है।
कहां, कितने वोट
जानीखुर्द (77), रोहटा (61), दौराला (70), रजपुरा (96), खरखौदा (61), मवाना (67), मेरठ (37), हस्तिनापुर (59), सरधना (74), सरूरपुर (85), माछरा (79) और परीक्षितगढ़ (86) सदस्य वोट करेंगे। कुल मिलाकर जनपद में 852 क्षेत्र पंचायत सदस्य 12 ब्लॉकों में प्रमुख का चुनाव करेंगे।