पंचवटी क्रिकेट एकेडमी में मैच के बाद खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
मेरठ। घाट रोड स्थित पंचवटी क्रिकेट एकेडमी में चल रहे फर्स्ट अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को मैच खेला गया। यह मैच पंचवटी क्रिकेट एकेडमी और बीएवी क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। बीएवी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर पंचवटी को 168 रनों का लक्ष्य दिया। प्रखर प्रताप ने 58, चित्रांश ने 36 व जियान ने 20 रन बनाए। पंचवटी के गेंदबाज नव्या ने तीन, शुभ ने दो और हर्ष ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 34.2 ओवरों में छह विकेट खोकर 168 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इशांत ने 40 रनों की शानदार नॉट आउट पारी खेली।
नव्या व तुषार पाल ने 20-20 रनों का योगदान दिया। बीएवी एकेडमी के गेंदबाज एसपीएस ने तीन विकेट लिए। पंचवटी ने चार विकेट से मैच को जीता। मैच की मैन ऑफ द मैच रही नव्या को कोच बलराम और आयोजक उमेश कुमार ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजक उमेश कुमार ने बताया कि बुधवार को वैष्णवी क्रिकेट एकेडीमी व बीएवी क्रिकेट एकेडमी के बीच पंचवटी ग्राउंड पर मैच खेला जाएगा।