थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत के फरमान को दरकिनार कर प्रेमी युगल छत से कूद कर फरार हो गया। पंचायत ने दोनों की शादी कराने से मना कर दिया था। वहीं युवती के परिजनों थाने पहुंच युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का एक युवती से एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने युवती का रिश्ता तय किया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। साथ ही युवती ने अपने प्रेमी के बारे में परिजनों का बताया और कहा कि अगर उससे शादी नहीं हुई तो वह जहर खा लेगी। वहीं युवक भी युवती से ही शादी करने की जिद कर रहा था। इस पर गांव में सोमवार को पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने निर्णय लिया कि दोनों एक गांव के हैं और एक ही बिरादरी के हैं। इसलिए उनकी शादी नहीं हो सकती। इसके बाद प्रेमी ने पंचायत से कहा कि वह युवती से दो मिनट के लिए अकेले में बात करना चाहता है। इतना कहकर युवक और युवती पास ही एक मकान में चले गए। जब काफी देर तक दोनों नहीं आए तो मकान में जाकर देखा तो वे वहां से गायब मिले। बाद में मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि वे दोनों तो छत से कूद कर फरार हो गए। बाद में परिजन थाने पहुंचे और युवक के खिलाफ युवती को ले जाने के आरोप में तहरीर दी। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।