दीपावली के बाद मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। शुक्रवार को पारा चार डिग्री लुढ़ककर 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। पूरे दिन धुंध छाई रही। पहाड़ों पर बारिश के कारण मैदान में और ठंड बढ़ेगी। एक-दो दिन में बारिश भी हो सकती है।
दिल्ली के बाद अब मेरठ में भी धुंध का असर दिखना शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार की अपेक्षा शुुक्रवार को मेरठ और आसपास में इसका असर अधिक देखने को मिला। सुबह से शाम तक धुंध रही। दिन का तापमान एक ही दिन में चार डिग्री गिर गया। तापमान के गिरने से मौसम सर्द रहा। शाम होते होते धुंध का असर और भी बढ़ गया। दिन के साथ रात में भी तापमान तेजी से गिर रहा है, जिस कारण से ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम के बदलाव से हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है। अगर बारिश नहीं हुई तो सुबह के समय कोहरे का असर अधिक दिखाई देगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 90 व न्यूनतम 48 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले के अपेक्षा दिन के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान मेें मामूली बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष की अपेक्षा चार नवंबर को दिन का तापमान करीब एक डिग्री व रात का तापमान 2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। वहीं शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में बारिश हुई है। उसका असर दो दिन बाद मैदान में दिखाई देगा। ठंड बढ़ेगी और कोहरा भी रहेगा।
बढ़ेगा कोहरे का असर
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो शनिवार से कोहरे का असर बढ़ सकता है। रात का पारा अगर गिरेगा तो कोहरे का असर भी बढे़गा। अभी दिन में भी तापमान 30 से ऊपर चल रहा था, तापमान नीचे आया और रात का तापमान गिरा तो धुंध का असर भी दिखा। दो तीन दिन में कोहरे के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। धुंध स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। सांस के रोगियों की परेशानी बढ़ा सकती है।
पिछले वर्ष चार दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
1 32.6 16.3
2 31.6 15.4
3 29.3 16.3
4 29.4 14.9
वर्तमान में नवंबर का तापमान
1 30.3 13.6
2 30.7 12.9
3 32.4 12.6
4 28.3 12.7