दोपहर करीब 12 बजे बाइक और स्कूटी से पहुंचे करीब एक दर्जन युवक शास्त्रीनगर स्थित पीवीएस मॉल पर पहुंचे। मॉल में अंदर घुसने के बजाय इन युवकों ने पथराव कर मॉल के शीशे तोड़ दिए और फरार हो गए। सूचना पर मेडिकल पुलिस पहुंची। मॉल संचालकों की मांग पर यहां फोर्स तैनात कर दी गई। यहां शाम को प्री रिलीजिंग शो चलने की सूचना पर छात्र नेता दुष्यंत तोमर, नरेश राणा आदि के नेतृत्व में कई संगठनों से जुडे़ युवा और क्षत्रिय समाज के लोग पहुंचे और शो का विरोध किया। सूचना पर फोर्स लेकर पहुंचे सीओ सिविल लाइन चक्रपाणि त्रिपाठी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। दुष्यंत चौधरी ने प्री शो का विरोध किया। जिसके बाद शो नहीं चला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि कल फिल्म चलती है तो इसका शांतिपूर्ण विरोध होगा। आम जनता को कोई परेशानी नहीं होने देंगे। उधर, इस प्रदर्शन के कारण आसपास की दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी थीं।
मिलांज मॉल पर मैनेजर को चेतावनी
मोदीपुरम। सर्वसमाज के लोगों ने सुबह हाईवे स्थित मिलांज सिटी स्क्वायर मॉल पहुंचकर नारेबाजी की। बिग सिनेमा के मैनेजर को चेतावनी दी कि यदि बृहस्पतिवार को फिल्म का प्रदर्शन किया तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। मॉल में आग लगाने की भी चेतावनी दी। धमकी से मॉल प्रशासन भी दहशत में है। मॉल प्रबंधन ने सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स की मांग की है।
जीजी मॉल में नहीं चला शो
दिल्ली रोड पर मेवला फाटक स्थित जीजी मॉल में कोई प्रदर्शनकारी नहीं पहुंचा। लेकिन यहां शाम को एहतियात बरतते हुए शाम को होने वाली प्री शो रद कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर मॉल के पास बैरियर डालकर फोर्स लगा दी गई। टीपी नगर थानाध्यक्ष ब्रिजेश शर्मा ने बताया कि मॉल प्रबंधन ने शाम को प्री शो नहीं चलाया।
रीगल में पोस्टर फाडे़
देर शाम रीगल सिनेमाघर में भी कुछ लोगों ने पहुंचकर फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए। काफी हंगामा किया। इस सिनेमाघर में भी फिल्म का प्रदर्शन होना है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सिनेमाघर के प्रबंधक ने बताया कि लालकुर्ती पुलिस के अलावा सेना से भी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
तोड़फोड़ करने वालों पर मुकदमे दर्ज
शॉप्रिक्स और पीवीएस मॉल में तोड़फोड़ और पथराव के मामले में मॉल प्रबंधन की ओर से ब्रह्मपुरी और मेडिकल थानों में बलवे और तोड़फोड़ के मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। ब्रह्मपुरी थाने के एसएसआई विनय कुमार के अनुसार शॉप्रिक्स मॉल के मैनेजर सुमित मदान की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर बलवा, तोड़फोड़ और पथराव कर धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसओ मेडिकल सतीश कुमार के अनुसार पीवीएस मॉल के मैनेजर राजीव कुमार ने बताया कि उनके मॉल में तोड़फोड़, पथराव में करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/