पीएसी के 103 जवानों के सैंपल लिए, ट्रेनिंग रोकी
मेरठ। छठी वाहिनी पीएसी (आरआरएफ) रुड़की रोड के चार जवान कोरोना संक्रमित मिलने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को लखनऊ से एडीजी पीएसी विनोद कुमार ने फोन पर जवानों से बातचीत की। एडीजी पीएसी ने वाहिनी कमांडेंट को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं, चारों जवानों की हालत में सुधार है, जिन्हें बुधवार को मुलायम सिंह यादव मेडिकल कॉलेज खरखौदा में आइसोलेट किया गया था। इनमें 51 वर्षीय कांस्टेबल के अलावा तीन रिक्रूट हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेनिंग रोक दी गई है।
51 वर्षीय कांस्टेबल टीपी नगर स्थित मंडी गेट पर ड्यूटी पर थे, जिन्हें बुखार की समस्या होने पर इनका टेस्ट कराया गया। पीएसी के अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार को जिन 130 जवानों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टेस्ट कराया है, उनमें ट्रेनिंग करने वाले 71 रिक्रूट, एच कंपनी के 24 जवान और आठ ऐसे जवान हैं, जिनकी अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी थी। बृहस्पतिवार को आईजी रेंज प्रवीण कुमार और एसएसपी अजय साहनी, कमांडेंट मनोज सोनकर ने क्वारंटीन सेंटर पर जाकर पीएसी के जवानों का हाल जाना। एच कंपनी के कांस्टेबल के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद एच कंपनी के सभी 70 जवानों को ड्यूटी से हटाकर बिजली बंबा बाईपास स्थित एस्ट्रोन कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। जबकि आरटीसी के 80 जवानों को छठी वाहिनी पीएसी स्थित परिसर में क्वारंटीन किया गया है। छठी वाहिनी पीएसी में पीएसी के 350 रिक्रूट ट्रेनिंग कर रहे हैं।
छठी वाहिनी, पीएसी के कमांडेंट मनोज कुमार सोनकर का कहना है कि एच कंपनी के एक कांस्टेबल की ड्यूटी शहर में थी। ड्यूटी के समय ही कोरोना संक्रमण हुआ। जिसके बाद जांच कराई गई थी। अब चारों जवानों की हालत में सुधार है। एच कंपनी के सभी 70 जवान क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन हैं। बैरकों में भी पूरी सावधानी बरती जा रही है।
एडीजी पीएसी ने भिजवाए ड्राईफ्रूट
एडीजी पीएसी विनोद कुमार सिंह ने छठी वाहिनी के कमांडेंट को दिए दिशा-निर्देशों के बाद जवानों को दिन में दो बार तुलसी, दालचीनी, नींबू समेत सात पदार्थों से बनाया गया काढ़ा देना शुरू कर दिया गया है। सभी 500 जवानों के लिए एडीजी ने बादाम, काजू, किशमिश भिजवाए हैं। एडीजी ने इन जवानों से फोन पर बात भी की और उनका हाल जाना।