संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भीषण गर्मी के चलते सरधना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। लगातार बढ़ रहे तापमान और ओवरलोड के कारण नगर व देहात क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। बिजली संकट का असर अब पेयजल आपूर्ति पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कई मोहल्लों में लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
रविवार को नगर के विभिन्न इलाकों में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कहीं दो घंटे तो कहीं चार घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहे। बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली बाधित होने से घरों में लगी पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे कई मोहल्लों में सुबह और शाम पानी की सप्लाई प्रभावित रही। लोगों को हैंडपंपों और दूसरे इलाकों से पानी लाकर काम चलाना पड़ा। कूलर, एसी और अन्य उपकरणों के लगातार इस्तेमाल से ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों पर दबाव बढ़ रहा है।
देवी मंदिर, बेलदारान, आजाद नगर, इस्लामाबाद और गंज बाजार समेत कई इलाकों में लोग बिजली और पानी दोनों समस्याओं से जूझ रहे हैं। रात में बिजली गुल होने पर लोग घरों की छतों और गलियों में समय बिताने को मजबूर दिखे। ऊर्जा निगम के एक्सईएन दुर्गेश कुमार जायसवाल का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और ओवरलोड के कारण दिक्कतें बढ़ी हैं। विभागीय टीमें लगातार फाल्ट ठीक करने और आपूर्ति सामान्य बनाए रखने में जुटी हुई हैं।
नगर के मोहल्ला वर्धमान फीडर को रात में ठीक कराने के दौरान मौजूद स्थानीय निवासी। मोहल्लेवासी