- पल्हैड़ा गांव निवासी दोनों भाई खोखे के बाहर बैठे थे
- आरोपी चालक पुलिस गिरफ्त में, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर जटौली कट के पास दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने खोखे के बाहर बैठे दो भाइयों पल्हैड़ा गांव निवासी सचिन व नितिन को चपेट में लेकर कुचल दिया। कार खोखे में जा घुसी। हादसे में दोनों भाई घायल हो गए थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां चिकित्सकों ने सचिन (25) को मृत घाेषित कर दिया। वहीं घायल नितिन का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पल्लवपुरम की डबल स्टोरी निवासी आरोपी चालक रॉकी को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में पल्हैड़ा गांव निवासी वीरेंद्र कु़मार ने बताया कि उनके चार बेटे तेजवीर, सतीश कुमार, सचिन कुमार और नितिन कुमार थे। पूरा परिवार मजदूरी का काम करता है। पिता के अनुसार, बेटे सचिन और नितिन ने एक वर्ष पहले हाईवे पर जटौली कट के पास प्रवीन मोटर्स के बराबर में खोखा बनाया था। जिसमें चाय, पानी, नमकीन, बीड़ी, सिगरेट बेचते हैं। सचिन व नितिन अविवाहित थे। दिन में खोखे पर नितिन रहता है, जबकि रात में सचिन देखभाल करता है। शनिवार रात करीब दस बजे सचिन घर से खाना खाकर खोखे पर पहुंचा था। कुछ देर के लिए दोनों भाई हिसाब चेक करने के लिए खोखे के बाहर बैठ गए। इसी बीच रात करीब 11 बजे दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार कार पल्लवपुरम की तरफ जा रही थी। चालक का कार से संतुलन बिगड़ गया और कार तेज गति खोखे में जा घुसी। दोनों भाई कार की चपेट में आ गए। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी चालक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ ने आरोपी चालक को पकड़ लिया। सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने आ गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में सचिन की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर राहगीरों को आगे के लिए रवाना किया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।