संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कस्बे के मोहल्ला कल्याण सिंह में रुखसती से पहले पति ने विवाहिता से 31 लाख रुपये व कार की मांग की। आरोप है कि विवाहिता द्वारा इन्कार किए जाने पर उसके साथ मारपीट की गई, सर्जिकल ब्लेड से हमला किया गया और दुपट्टे से गला दबाने का प्रयास किया गया। इस दौरान विवाहिता घायल हो गई। इसके बाद आरोपी तीन तलाक बोलकर भाग गया। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी इरशाद अहमद एडवोकेट ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बेटी डाॅ. फरहीन इरशाद की सगाई व निकाह 8 जून 2025 कीरतपुर निवासी युवक से हुआ था। निकाह में युवक व उसके परिवार को डायमंड, सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान व 2.51 लाख रुपये नकद (कुल 12 लाख रुपये) खर्च किया।
10 दिसंबर की रात 10 बजे बेटी का पति घर आया। रात 12:30 बजे बेटी को बात करने का बहाने मकान के ऊपर के कमरे में ले गया और उससे 31 लाख रुपये व कार की मांग की। बेटी द्वारा इन्कार करने पर मारपीट की और सर्जिकल ब्लेड से हमला किया। गले में दुपट्टा डालकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर वह पहुंचे और बेटी की जान बचाई। आरोपी पति तीन तलाक कहकर भाग गया। आरोपी पहले भी तीन लड़कियों से सगाई कर छल व धोखाधड़ी से जेवर व रुपया हड़प चुका है। पुलिस ने डाॅ. फरहीन इरशाद को डाॅक्टरी के लिए अस्पताल भेज दिया।