मवाना। गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक मिल के पास भद्रकाली द्वार पर अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के खंभों को क्षतिग्रस्त करते हुए पलट गया। इससे हाईटेंशन विद्युत लाइन को नुकसान पहुंचा है। वहीं, बाइक सवार दंपती ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। विद्युत विभाग के एसडीओ विनय कुमार ने बताया कि लाइन को ठीक कराया जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जेई को निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे गन्ने से लदा ट्रक मिल में गन्ना लेकर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक ने तेजगति के साथ ओवरलोड ट्रक को भद्रकाली द्वार के पास से मिल की ओर घुमाया तो ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में आने से हाईटेंशन लाइन के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे लाइन को भी नुकसान पहुंचा है। गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों से लगातार बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं यह ओवरलोड ट्रक लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बने हुए हैं। एक दिन पूर्व ही फलावदा के बाजार में गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक ने बिजली की लाइन को नुकसान पहुंचाया था। लगातार हो रहे हादसों के बाद भी अधिकारी ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस कारण ओवरलोड वाहन लेकर चलने वालों के हौंसले बुलंद हैं।
खंभों और लाइन को ठीक कराया जा रहा है। साथ ही जे ई को ट्रक चालक के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। -विनय कुमार, एसडीओ, विद्युत विभाग
ऊंचाई नियंत्रित करने का किया अनुरोध
अधिशासी अभियंता सतीशचंद्र ने ओवरलोड वाहनों के संबंध में दिसंबर माह में एसडीएम व मिल प्रबंधन को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि गन्ना पेराई सत्र के चलते ओवरलोड गन्नों से लदे ट्रकों की अत्यधिक ऊंचाई होने के कारण ट्रक, ट्राॅली विद्युत लाइनों से टकरा जाते हैं। इस कारण विद्युत खंभे व लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इससे भीषण दुर्घटना होने की संभावना रहती है। साथ ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होती है। उन्होंने पत्र में ओवरलोड वाहनों की ऊंचाई को नियंत्रित करने का अनुरोध किया था। वहीं लगभग दो सप्ताह पूर्व मिल रोड पर गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक पलटने पर आसपास के दुकानदारों ने एसडीएम को पत्र देकर इन वाहनों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।