संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। क्षेत्र में मौसम के मिजाज में आया बदलाव रविवार को भी बरकरार रहा। शनिवार के बाद दूसरे दिन रविवार को भी पूरे दिन आसमान में काले घने बादल छाए रहे, जिससे दिन में ही अंधेरे जैसा एहसास होता रहा। सुबह तड़के से शुरू हुआ हल्की बौछारों का दौर देर शाम तक रुक-रुक कर जारी रहा। दिनभर चली इस बूंदाबांदी और हल्की बारिश ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया।
बारिश और बादलों के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे अचानक ठिठुरन बढ़ गई। सुबह से ही छाए अंधेरे और लगातार गिरती बौछारों के चलते लोग अपने घरों में ही दुबके रहने को मजबूर दिखे। सड़कों और मुख्य बाजारों में आवाजाही काफी कम रही, जिससे रविवार की छुट्टी के बावजूद व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।