- सीएचसी माछरा में प्रतिदिन पहुंच रहे 200 से 250 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। बदलते मौसम के साथ ही क्षेत्र में वायरल और मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माछरा में मरीजों की संख्या में अचानक भारी इजाफा हुआ है, जहां पहले माछरा सीएचसी में में रोजाना औसतन 150 से 200 मरीज पहुंचते थे, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 250 तक पहुंच गया है।
सीएचसी माछरा की ओपीडी में रोजाना आने वाले कुल मरीजों में से लगभग 100 मरीज सीधे तौर पर मौसमी बीमारियों से ग्रसित हैं। इनमें मुख्य रूप से तेज बुखार, गला खराब, एलर्जी, खांसी, दस्त, के लक्षण वाले मरीज शामिल हैं। ओपीडी सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चल रही है, जिसमें तैनात चिकित्सक समय पर उपस्थित रहकर मरीजों की जांच रहे हैं और उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही है लेकिन मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
सीएचसी माछरा प्रभारी डॉ. तरुण राजपूत ने बताया कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण बुखार, त्वचा और पेट से जुड़ी समस्याओं के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल में सभी जरूरी दवाइयां उपलब्ध हैं और डॉक्टरों की टीम समय पर मरीजों को परामर्श दे रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण खान-पान का ध्यान रखें, उबाल कर ही पानी का सेवन करें और किसी समस्या से ग्रस्त होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर से संपर्क करें।
सीएचसी पर समस्या लेकर पहुंचे ग्रामीण
मुकेश ने बताया कि बीते दिन से उन्हें पेट में दर्द की समस्या थी। इसलिए वह सीएचसी पर डॉक्टर से जांच कराकर इलाज कराने आए हैं। सीएचसी पर पहुंचे अक्षय शर्मा ने बताया कि वह बीते दिनों हुई बारिश में वह भीग गए थे, जिससे उनको त्वचा पर एलर्जी की समस्या हो गई है, जिसका इलाज कराने के लिए वह अस्पताल पहुंचे हैं।
ग्रामीण मुकेश कुमार।