हापुड़ के ध्यानार्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला(मेरठ )। हरिद्वार जाते समय रविवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर दौराला फ्लाईओवर के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पोल से जा टकराई। हादसे में कार सवार हापुड़ निवासी दंपती और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला में उपचार दिलाया।
हापुड़ के प्रकाश नगर रेलवे रोड निवासी अभिषेक मित्तल अपनी पत्नी ऋतु मित्तल और बेटियों अविका व अनुवेशा के साथ कार से हरिद्वार जा रहे थे। दौराला फ्लाईओवर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। चालक ने कार को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह डिवाइडर पर चढ़ते हुए पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार चारों घायलों को सीएचसी दौराला पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।