संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बिनौली रोड स्थित कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर चल रहा विवाद रविवार को आपसी सहमति से सुलझ गया। वरिष्ठ समाजसेवी एनुद्दीन शाह के आवास पर दोनों पक्षों की बैठक हुई। इसमें मंडी चमारान, मोहल्ला बूढ़ा बाबू और कब्रिस्तान से जुड़े जिम्मेदार लोगों ने अपने-अपने पक्ष रखे। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोनों मोहल्लों के लोग कब्रिस्तान में अपने मृतकों को दफना सकेंगे। किसी भी पक्ष के लिए कोई पाबंदी नहीं होगी।
बीते दिनों कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप था कि कब्रिस्तान समिति की ओर से मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। इसके चलते शव करीब दो घंटे तक सड़क पर रखा रहा। मामला बढ़ने पर लोगों में रोष फैल गया था। कुछ लोग शिकायत लेकर थाने भी पहुंचे थे और कब्रिस्तान कमेटी पर विभिन्न आरोप लगाए थे। विवाद को समाप्त कराने के लिए रविवार को समाजसेवी एनुद्दीन शाह ने दोनों मोहल्लों के लोगों और कब्रिस्तान के जिम्मेदार लोगों को अपने आवास पर बुलाकर बैठक की।
बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी समस्याएं और आपत्तियां रखीं। इसके बाद आपसी बातचीत से समाधान निकाला गया। बैठक में तय हुआ कि मंडी चमारान और मोहल्ला बूढ़ा बाबू के लोग कब्रिस्तान में अपने मृतकों को दफना सकेंगे। भविष्य में किसी भी पक्ष पर रोक नहीं लगाई जाएगी। बैठक में सुहेल कुरैशी, इनायत अली, सईद खान, रियासत खान, यूसुफ मलिक, फारुख मिर्जा, शहजाद मिर्जा, इरफान, अब्दुल मलिक आदि मौजूद रहे।