एस आई आर कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी। (मवाना)
जिलाधिकारी ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह ने रविवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव सठला में अनुपस्थित मिली सुपरवाइजर रूपाली वर्मा को निलंबित करने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील में चल रहे एसआईआर के कार्य की प्रगति रिपोर्ट के बारे में तहसील पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम संतोष कुमार सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि फिलहाल सभी काम रोककर केवल एसआईआर डिजिटलाइजेशन का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एसडीएम व तहसीलदार लगातार प्रत्येक बूथ पर तैनात बीएलओ व सुपरवाइजर की मॉनिटरिंग करेंगे और किसी भी सूरत में एसआईआर के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दिसंबर से पूर्व ही एसआईआर का कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदाता तहसील स्तर पर पहुंचकर अपनी वोट संबंधित समस्या का समाधान कर सकते हैं। यदि तहसील स्तर पर समाधान नहीं होता है तो जिला स्तर पर तैनात अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है। अपनी वोट संबंधित समस्या का समाधान कराया जा सकता है।