धान खरीद के 72 घंटे में भुगतान के दिए आदेश
- बचत भवन में नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद ने की समीक्षा
मेरठ। नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद ने रविवार को बचत भवन में धान खरीद और भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीद का भुगतान किसानों को 72 घंटे में कर दिया जाए।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि जनपद में धान खरीद का लक्ष्य 50 मीट्रिक टन रखा गया है। अब तक 738.24 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। साधारण प्रजाति के धान के लिए 1868 रुपये और ग्रेड ए के धान के लिए 1888 रुपये रुपये प्रति क्विंटल दाम निर्धारित है। जनपद में 13 धान क्रय केंद्र है, जिसमें खाद्य एवं रसद विभाग विपणन शाखा के 12 और एफसीआई का एक क्रय केंद्र है। धान क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों के जरिए धान तोलाई की व्यवस्था की गई है। कोविड-19 के तहत क्रय केंद्र पर सैनिटाइजर, साबुन, पेयजल और शेड आदि की भी व्यवस्था है। नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद सोमवार को मवाना तहसील के किसी एक क्रय केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान एडीएम प्रशासन मदन सिंह गबरियाल, सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।