मवाना। मोहल्ला साकेत में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का मोहल्ले के लोगों और भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर विरोध दिया। विरोध को देखते हुए मीटर काम बीच में ही छोडकर टीम वापस लौट गई।
भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा ने विद्युत विभाग के द्वारा जबरदस्ती लगाएं जा रहे स्मार्ट मीटर व अवैध वसूली करने का विरोध किया। जिला अध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान को सूचना मिली कि साकेत मोहल्ले में स्मार्ट मीटर लगा कर अवैध वसूली की जा रही है। जिला अध्यक्ष ने जिला सलाहकार भूपेंद्र चौहान के साथ तुरंत मौके पर भेजा और जांच करने पर पता लगा कि स्मार्ट मीटर को लगाने के नाम ठेकेदार व उसके सहयोगी द्वारा अवैध वसूली की जा रही हैं। मीटर पर न तो सील लगाई जा रही है और न ही विभाग द्वारा दिया जा रहा केबल लगाया जा रहा है।
मोहल्ले वालों ने बताया कि उन्हें डरा धमका कर सही चल रहे मीटरों को जबरन बदला जा रहा है।ठेकेदार और उसके साथी दुर्व्यवहार कर करे हैं। ठेकेदार व उसके साथ वालों से उनकी आईडी कार्ड मांगने पर न तो अपना नाम बताया और न ही आईडी कार्ड दिखाया। भूपेंद्र चौहान ने बताया कि जल्दी ही रणनीति बना कर जनता को साथ ले कर विद्युत विभाग का घेराव किया जाएगा। भाकियू संघर्ष मोर्चा के अचिन चौहान, सतबीर चौहान, अश्विनी कुमार, नागेश गुप्ता, समित शर्मा, मनीष गुप्ता, सुंदर आदि उपस्थित रहे। वहीं सर्किल इंचार्ज सचिन तोमर का कहना है कि वे लोग डाल्फिन कंपनी से हैं। वे स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य करता है। यदि कोई कर्मचारी मीटर बदलवाने के नाम पर पैसा मांगता है तो पैसा न दें, उसकी शिकायत करें। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।