- किसान संगठनों ने खोला मोर्चा, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते का विरोध शुरू हो गया है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) ने संयुक्त रूप से इस संबंध में प्रधानमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
भाकियू (चढ़ूनी) और भाकियू (धन सिंह कोतवाल) के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से मिल रोड से बाइक रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे। उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। जिसमें प्रस्तावित ट्रेड डील को देश के किसानों, खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और देश की खाद्य व आर्थिक संप्रभुता के लिए गंभीर खतरा करार दिया है। ज्ञापन में इस समझौते को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की गई है।
किसान नेताओं का कहना है कि यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आजीविका पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। यह देश के अन्नदाताओं के लिए किसी डेथ वारंट से कम नहीं है। किसान संगठनों ने सरकार से मांग की है कि किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय को लेने से पूर्व किसान संगठनों व सभी संबंधित पक्षों से व्यापक संवाद स्थापित किया जाना चाहिए। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस न्यायोचित मांग की अनदेखी की तो देश बचाओ मोर्चा पूरे देश में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से एक व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही चांदपुर मार्ग के पुल का निर्माण 4 भाग में 15-15 फीट की दूरी पर कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में इंद्रजीत सिंह गिल, राहुल गुर्जर, मनोज विधूड़ी, कुलदीप गुर्जर, अनुराग गुर्जर, पिंटू गुर्जर, मनोज बैंसला, रोहित आहुजा और अंकित सैनी आदि मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के कार्यकर्ता ज्ञापन देने