मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार में शराब की दुकान खोले जाने का रविवार को विरोध हो गया। इस दुकान का लख्मी विहार और कीर्ति पैलेस के लोगों ने विरोध किया था। नई जगह पर दुकान का विरोध होने पर आबकारी अफसर असमंजस में हैं।
लख्मी विहार और कीर्ति पैलेस के लोगों ने पिछले दिनों क्षेत्र में खुली शराब की दुकान का विरोध किया था। इसके चलते विभाग को दुकान बंद करानी पड़ी। इसमें स्थानीय विधायक ने भी जनता का साथ दिया। डीएम के हस्तक्षेप के बाद दुकान को वहां से शिफ्ट करने पर सहमति बनी। यह दुकान रविवार को जागृति विहार में फंड ऑफिस के समीप खोलने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान क्लीनिक चलाने वाले एक चिकित्सक समेत कई लोग आ गए और विरोध किया। इसकी जानकारी पाकर आबकारी निरीक्षक आशुतोष चौबे पहुंचे। काफी देर गहमागहमी के बाद कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इसके बाद आबकारी निरीक्षक लौट गए। बताया कि चिकित्सक समेत अन्य लोग शराब की दुकान को आगे कांपलेक्स में शिफ्ट करने की बात कह रहे थे। आबकारी निरीक्षक आशुतोष चौबे ने बताया कि जिस जगह दुकान खोली जा रही है, वहां न के बराबर लोग होते हैं। कांप्लेक्स में शराब की दुकान खोले जाने पर अन्य दुकानों पर आने वाले ग्राहक परेशानी महसूस कर सकते हैं।