सरधना।श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज दबथुवा में 22 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी मेरठ की ओर से ऑपरेशन सिंदूर विषय पर शौर्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होपेंद्र ठाकुर और प्रशासनिक अधिकारी मेजर ऋजु रावत के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रधानाचार्य जीत नारायण भारती और एनसीसी अधिकारी कैप्टन सविता चौधरी के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति और वीरता से जुड़े ओजस्वी विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान कैप्टन सविता चौधरी ने कहा भारत के वीरों को मेरा बार-बार नमन है, जिन्होंने अपने खून से वतन के गुलजार चमन को सींचा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने वाले ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर देश सेना के अदम्य साहस और जीरो टॉलरेंस नीति को याद कर रहा है। इस ऑपरेशन से देशवासियों का सीना चौड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किए गए 86 घंटे के अभियान के तहत 23 मिनट के सटीक हवाई हमले में 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।