माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य सौरभ सागर का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। जैन मंदिर तीरगरान से शुरू हुई मंगल यात्रा सराफा बाजार, कबाड़ी बाजार और शारदा रोड होते हुए दिल्ली रोड स्थित मंदिर पहुंची। इस दौरान आचार्य के जयकारों से वीर नगर गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने महाराज की मंगल आरती उतारकर चरण वंदना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
आचार्य सौरभ सागर ने महाराजा श्रेणी और महारानी चेलना के प्रसंगों का वर्णन करते हुए भक्त से भगवान बनने का मार्ग बताया। उन्होंने सत्संग, ध्यान और सदाचार के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन में सत्संग और आध्यात्मिक चिंतन को स्थान देना चाहिए। अच्छे विचारों और सदाचार को अपनाकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में निधि जैन, पायल जैन, प्रिंस जैन और आन्या जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। संचालन संदीप जैन ने किया। प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि बुधवार को 64 रिद्धि विधान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर योगेश जैन, अमित जैन, सुशील जैन, मनोज जैन, सुदीप जैन, मोहन जैन, नितिन जैन रहे।