गोली लगने के बाद घायल पड़ा बदमाश
- फोटो : KITHOR
पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दूसरा फरार
किठौर। किठौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को किठौर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने बदमाश से एक तमंचा, खोखा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की।
थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि शुक्रवार रात तीन बजे एसआई शिवध्यान सिंह मेरठ-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग स्थित माछरा तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी मेरठ की तरफ से बाइक सवार दो बदमाशों आते दिखाई दिए। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी, इसमें एसआई बाल-बाल बचे। इस बीच बदमाश भाग निकले। एसआई ने इसकी सूचना तुरंत थाने को दी। थाने से इंस्पेक्टर रोजंत त्यागी फोर्स के साथ मौके के लिए चल पड़े। उन्हें बहरोडा मोड़ पर बदमाश बाइक से आते दिखाई दिए। पुलिस को देख बदमाशों ने बाइक दौड़ा ली, लेकिन मोड़ के पास बाइक फिसल गई। इसी बीच एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इंस्पेक्टर द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लग गई। वहीं दूसरा बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी माछरा ले गई, जहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शाहिद पुत्र अशफाक और फरार बदमाश का नाम शहरोज पुत्र पीरु निवासी किठौर बताया। सीओ किठौर आलोक सिंह ने बताया कि शाहिद के खिलाफ किठौर, मुंडाली, कंकरखेड़ा, बादलपुर, हल्दौर में लूट, डकैती, अपहरण, जानलेवा हमले के डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश को तलाश किया जा रहा है।