उत्तर प्रदेश के शामली में सोमवार को झिंझाना क्षेत्र के गांव रोटन के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
सोमवार सुबह गांव मंसूरा निवासी आजाद (19) अपने बडे़ भाई अब्दुल सत्तार के साथ बाइक पर झिंझाना कस्बे में सामान लेने जा रहे थे। जब वह मंसूरा से करीब एक किमी आगे गांव रोटन के पास पहुंचे तो आगे चल रहे रेत से लदे डंफर को ओवरटेक करते समय उसकी चपेट में आ गए।
डंफर की चपेट में आने से दोनों भाई घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को शामली अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने आजाद को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद आरोपी चालक डंफर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।