बहसूमा (मेरठ)। क्षेत्र में झुनझुनी नहर पुल के पास मेरठ की ओर से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक सुमित की मौत हो गई। बाइक पर उसके पीछे बैठे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेरठ रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर गांव नावला निवासी सुमित पुत्र रंजीत अपनी बाइक पर अपने साथी जॉनी पुत्र राकेश व उसके बेटे सूर्या निवासी समौली को बैठाकर बिजनौर की ओर जा रहा था। थाना क्षेत्र में झुनझुनी नहर पुल के पास पहुंचा तो अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। तेज गति होने के कारण बाइक सड़क पर बने डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण सुमित (32) मौके पर ही मौत हो गई तथा जॉनी और उसका बेटा सूर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। मृतक मजदूरी करता था। उसकी पत्नी गर्भवती है।