सरधना। जैन धर्म के महान पर्व पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ अष्टप्रकारी पूजन संपन्न हुआ। पूजन उपरांत प्रभु की आरती, शांति धारा और चैत्य वंदन किया गया। इस अवसर पर मणिभद्र वीर को चोला चढ़ाया गया और सुखड़ी अर्पित की गई।
पूजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रभावना का वितरण भी किया गया। पूजन के लाभार्थी रमेश चंद जैन रहे, जबकि पूजन रचाने में सुंदरी जैन और रमेश चंद जैन का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान श्री शांतिनाथ जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक ट्रस्ट संघ के अध्यक्ष आलोक जैन ने पूजन का महत्व बताते हुए कहा कि जिस प्रकार चंदन के वृक्ष पर सर्प लिपटे होते हैं, फिर भी वह अपनी शीतलता नहीं त्यागता। चंदन से शीतल जल, जल से शीतल चंद्रमा और चंद्रमा से भी शीतल होती है गुरु की कृपा, जो हमें संसार में रहते हुए भी परमात्मा के निकट ले जाती है।
उन्होंने कहा कि पर्युषण पर्व आत्मशुद्धि, तप, पूजन और पुण्य संचय का श्रेष्ठ अवसर है। इस दौरान सतेंद्र जैन, रविंद्र जैन, संजय जैन, अमित जैन, गिरीश जैन, सुरेश जैन, सोहनलाल, आदित्य जैन, पिंकी जैन, गरिमा जैन, संगीता जैन, भूमि जैन, दर्शिका जैन, सुनैना जैन, दीपा जैन, लक्ष्मी जैन, कोमल जैन, रजनी जैन, प्रियंका जैन आदि रहे।