मेरठ। मोदीनगर के पास ओचएई वायर टूटने से सुबह के समय कई ट्रेनें बाधित रहीं। सुबह के समय दिल्ली की तरफ से आने वाली योगा एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से सिटी स्टेशन पहुंची। कई पैसेंजर ट्रेनें भी बाधित हो गईं। लक्सर-हरिद्वार स्टेशनों के बीच हो रहे नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य भी पूरा हो गया। सिटी स्टेशन अधिकारियों के अनुसार बुधवार से रद्द ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। दिल्ली मुख्यालय से रद्द ट्रेनों की समयसीमा आगे बढ़ाने का कोई मेसेज अधिकारियों को नहीं प्राप्त हुआ है।
मुरादाबाद मंडल के हरिद्वार-लक्सर सेक्शन के लक्सर-ऐथल, पथरी और इक्कर यार्ड के बीच दोहरीकरण कार्य के चलते 13 अक्तूबर से 22 अक्तूबर तक कई ट्रेनें बाधित चल रही थीं। नई दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली शताब्दी को 13 से 22 अक्तूबर तक रद्द किया गया था। अब यह बुधवार से चलेगी। अहमदाबाद से चलकर वाया मेरठ, हरिद्वार को जाने वाली योगा एक्सप्रेस का संचालन मेरठ तक किया जा रहा था। यह ट्रेन भी अपने तय स्थान हरिद्वार तक चलेगी। रेवाड़ी से आने वाली शटल एक्सप्रेस शाम के समय दो घंटे की देरी से सिटी स्टेशन पहुंची। दैनिक यात्रियों की लाफलाइन शटल का मेरठ पहुंचने का समय रात 8.19 बजे है। यह ट्रेन अपने तय समय से दो घंटे की देरी से रात 10.24 बजे सिटी स्टेशन पहुंची। एक दिन समय पर आने के बाद नौचंदी और सगम एक बार फिर घंटों की देरी से सिटी स्टेशन पहुंची।