- वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ वातावरण, विश्व कल्याण की कामना की
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। गांव ढढ़रा में चैत्र शुक्ल पक्ष की पावन रामनवमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया गया। गांव में 101 कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व कल्याण की कामना की।
101 कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ अनुष्ठान गुरुकुल प्रभात आश्रम के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। महायज्ञ के दौरान वैदिक विद्वानों द्वारा किए गए मंत्रोच्चार से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया। स्वामी ने कहा कि रामनवमी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म की विजय और लोक-कल्याण के संकल्प का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि मर्यादाओं में रहकर ही समाज को संगठित और सुरक्षित रखा जा सकता है। आज के युवाओं को भगवान राम के संयम और उनके सेवा भाव को अपने जीवन में उतारना चाहिए। महायज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को मनाते हुए राष्ट्र की प्रगति, समाज में सुख-समृद्धि और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। महायज्ञ में पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज चौधरी, नरेश कुमार, रणवीर दहिया, प्रदीप ढढ़रा, रवि भारत चिकारा, विनोद सिरोही, योगेश उर्फ लाला, राजेंद्र ढढ़रा, सेंसरपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।