सरधना। थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा में आरोपियों ने सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जा कर अपने खेत में मिला लिया है। गांव निवासी पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
गांव खेड़ा निवासी चेतन सोम ने सोमवार को एसडीएम को दिए शिकायत पत्र में बताया कि गांव निवासी आरोपियों ने उसके खेत की ओर जाने वाली सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जा कर उसे जोतकर अपने खेत में मिला लिया है। इससे पहले भी आराेपियों ने चकरोड पर अवैध कब्जा किया था। उस दौरान नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने तहसील टीम के साथ मौके पहुंच कर आरोपियों के कब्जे से सरकारी चकरोड को कब्जा मुक्त कराकर निशानदेही की थी, लेकिन कुछ दिन बाद ही आरोपियों ने तहसील प्रशासन की ओर से लगाए गए निशानों को मिटाकर फिर से अवैध कब्जा कर लिया। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने सोमवार को तहसील पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।