मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि की ओर से इस समय यूजी एनईपी में विषम सेमेस्टर परीक्षा के फार्म भरवाए जा रहे हैंं, मगर विषम सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरते समय विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरते समय आ रही है क्योंकि इसमें माइनर रिसर्च प्रोजेक्ट का विकल्प ही नहीं है, जबकि इस सेमेस्टर में रिसर्च प्रोजेक्ट को अनिवार्य रूप से लिया जाना है।
इसके चलते विद्यार्थी फार्म नहीं भर पा रहे हैं। काफी विद्यार्थियों ने तो रिसर्च प्रोजेक्ट के बिना ही फार्म भर दिए हैं। इसके अलावा कई विद्यार्थियों के फार्म में आधार कार्ड को पहले से ही पंजीकृत होना बता रहा है। इस कारण उनका फार्म सबमिट नहीं हो पा रहा है। कुछ कोड में विषय के नाम गलत आ रहे हैं। इस मामले में छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कहा कि विवि में परीक्षा फार्म के लिए हर साल एजेंसी को बदला जाता है। इसके बावजूद विद्यार्थियों की समस्याएं दूर नहीं होती हैं। एजेंसी के फेर में विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ता है।
पिछले तीन दिन से विद्यार्थी हेल्पलाइन पर पांचवें सेमेस्टर में माइनर रिसर्च प्रोजेक्ट का विकल्प नहीं मिलने की समस्या बता रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने रिसर्च प्रोजेक्ट के बिना ही फार्म भर दिए हैं। ऐसे में उनका अब क्या होगा, कुछ नहीं पता है। अंकित अधाना सहित अन्य छात्र नेताओं ने कुलसचिव धीरेंद्र कुमार को परीक्षा फार्म में आ रही समस्याओं से अवगत कराकर जल्द समाधान की मांग की है। विद्यार्थियों के अनुसार अभी यूजी एनईपी में बैक परीक्षा के फार्म भी लाइव नहीं हुए हैं, जबकि इसके लिए कई दिन पहले नोटिफिकेशन भी आ चुका है।