मेरठ। मेरठ मंडल के सभी जिलों से कमिश्नरी आने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद से लोगों का मिलना आसान हो जाएगा। किसी भी व्यक्ति, शिकायतकर्ता, फरियादी को कमिश्नर से मिलने के लिए पहले व्हाट्सएप नंबर 9286324303 पर अपना नाम, पता, मोबाइल और मिलने का कारण लिखकर मेसेज करना होगा। इसके बाद मिलने का दिन व समय सुनिश्चित कर मेसेज के जरिये संबंधित व्यक्ति को सूचना दे दी जाएगी।
मेरठ मंडल में मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर जनपद आते हैं। इन जनपदों के लोगों को अपने भूमि संबंधी और अन्य समस्याओं को लेकर मेरठ आना पड़ता है। कमिश्नर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक लोगों से मिलेंगे। जब वह मौजूद नहीं होंगे तो अपर आयुक्त लोगों से भेंट करके जनसुनवाई करेंगे। सभी जनपदों से अधिक दूरी तय करके मेरठ कमिश्नरी आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कमिश्नर ने व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। ताकि हर व्यक्ति की समस्या का निस्तारण किया जा सके। व्हाट्सएप पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मेसेज किया जा सकता है। हालांकि इस मोबाइल नंबर पर फोन कॉल स्वीकार नहीं की जाएगी। इस संबंध में लिखित आदेश जारी कर जानकारी दी गई है।