मेरठ। कुख्यात चीकू बढ़ला एवं उसके दो साथी रविंद्र और तुषार ने पिता-पुत्र पर हमला कर उनके साथ लूटपाट की। पुलिस ने मारपीट, लूट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश की।
परीक्षितगढ़ क्षेत्र के सौंदत्त गांव निवासी इकराम की बेटी की 11 मार्च की शादी है। इकराम ने बताया कि रविवार शाम को वह बेटी की शादी में दिया जाने वाला सामान ट्रैक्टर-ट्राली से लेकर आलमगीर बढ़ला गांव से होते जा रहे थे। ट्रैक्टर बेटा सोभान चला रहा था। आरोप है कि बढ़ला गांव के पास गन्ना क्रय केंद्र के पास बाइक सवार दो युवक पीछे से आए। ट्रैक्टर सड़क से नीचे करने की धमकी देकर चले गए। इकराम ने बताया कि इसी दौरान चीकू बढ़ला और उसके दो साथी रविंद्र और तुषार वहां पहुंचे। उन्होंने धमकी देकर ट्रैक्टर रुकवाया। इसे लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि तीनों ने मारपीट कर बेटे की जेब से 1200 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने इकराम की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया। एसपी देहात देवेश सिंह का कहना कि चीकू और उसके साथियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। वहीं, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस बारे में फोन पर चीकू की पत्नी एवं पूर्व प्रधान अर्चना चौधरी (भाजपा महिला मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष) ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि मेरे पति ने दोनों पक्ष के बीच सुलह करा रहे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।