बहसूमा। दिनों दिन बढ़ती जा रही भीषण गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है। मंगलवार को भीषण गर्मी से लोग पूरी तरह परेशान नजर आए। गर्मी के कारण लोगों ने घरों से बाहर निकलने से भी परहेज किया। दोपहर के समय बाजार व सड़कें सुनसान नजर आई।
इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से हर कोई चाहे आम जनमानस हो या फिर पशु, पक्षी गर्मी से बेहाल नजर आया। मंगलवार को भी भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप ने लोगों का पसीना निकाल कर रख दिया। सुबह से ही तेज धूप व गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर के समय तो लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराते नजर आए। जरूरी काम से ही घर से निकलने वाले लोग सिर व मुंह को ढके दिखाई दिए। गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। महिलाएं भी गर्मी से बचाव के लिए अपने छोटे-छोटे बच्चों को पूरी तरह ढकें नजर आईं। गर्मी से बचाव के लिए युवाओं और बच्चों ने नहर में डुबकी लगाकर गर्मी को दूर करने की कोशिश की।