मेरठ में बसपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थन में मानपुर गांव में चुनाव प्रचार करने पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान विपक्षी प्रत्याशी के समर्थक भी पहुंच गए और नोकझोंक हुई। हंगामे के बाद बसपा जिलाध्यक्ष वापस लौट गए।
जिला पंचायत के वार्ड 28 से बसपा ने रहीस बड्ढ़ा की पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा है। गुरुवार को बसपा जिलाध्यक्ष मोहित जाटव गांव में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसी बीच जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही उमेश शर्मा के पति धर्मेंद्र शर्मा भी गांव मानपुर पहुंच गए। धर्मेद्र शर्मा व बसपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे के बाद बसपा जिलाध्यक्ष वापस लौट गए। दोनों के बीच का वीडियो भी वायरल हुआ है।
धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि बसपा जिलाध्यक्ष ने शराब पिलाने समेत अन्य आपत्तिजनक बातें कही थी, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया है। वहीं, बसपा जिलाध्यक्ष मोहित जाटव से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ रहा।
बताया गया कि विरोध करने वालों में सुरेंद्र, राकेश, बिजेंद्र, मोहित कुमार, राजेंद्र सिंह, पप्पू, अजय, राजेंद्र, हुकम सिह, योगेश, राजू, बिल्लू, प्रदीप मास्टर, रावेंद्र, संदीप, विपिन, श्याम सिंह शामिल रहे।