नोएडा में हुए बाइक बोट घोटाले में शामिल आरोपियों की परतें धीरे-धीरे खुल रही है। इस मामले में नोएडा पुलिस ने मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की अप्पू एंक्लेव कॉलोनी में पहुंचकर गैंगस्टर के आरोपी की एक करोड़ से अधिक की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। यह आरोपी भी बाइक बोट घोटाले में शामिल बताया गया है।
नोएडा के कासना थाना क्षेत्र की पुलिस पल्लवपुरम थाना अंतर्गत अप्पू एंक्लेव कॉलोनी में पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से ढोल नगाड़ों से मनादी कराई और फिर गैंगस्टर के आरोपी विजयपाल कसाना पुत्र भंवर सिंह निवासी फलावदा अहमदपुर उर्फ दादूपुर थाना फलावदा के आवासीय फ्लैट संख्या 12 एनक्लेव रुड़की रोड कुर्की कर ली। फ्लैट की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़, 29 लाख, 17 हजार 200 रुपये है। नोएडा पुलिस ने अप्पू एंक्लेव कॉलोनी में पहुंचकर प्लॉट पर विशेष न्यायालय पुलिस आयुक्त गौतम बुद्ध नगर का बोर्ड लगा दिया है। ढोल से हुई मनादी के दौरान कॉलोनी के अन्य लोग भी वहां पर एकत्र हो गए।
बताया गया कि विजयपाल कसाना बाइक बोट घोटाले के मुख्य आरोपी संजय भाटी का सक्रिय सहयोगी है। वह मेरठ समेत मुजफ्फरनगर, बागपत आसपास के जिलों में उसका काम देखता था। उसने बाइक बोट मामले में कई करोड़ रुपये लोगों के लगा रखे थे। बाइक बोट घोटाले के बाद से वह फरार चल रहा है।