वायु प्रदूषण से राहत नहीं, डंपिंग ग्राउंड में पूरे दिन जलता रहा कूड़ा
मोदीपुरम/ खरखौदा। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में मामूली गिरावट के बाद भी सोमवार को प्रदूषण से राहत नहीं मिली। अब तक का एक्यूआई सेहत के लिए खतरनाक है। इसीलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को मास्क लगाकर भेजने की सलाह दी जा रही है।
पिछले तीन दिन से शहर सुबह से शाम तक स्मॉग की चादर में लिपटा रहा। रविवार को एक्यूआई 274 था, जो सोमवार को घटकर 261 पर आ गया। प्रबंधन आयोग ने जिले में 42 उद्योग बंद करा दिए हैं। नए निर्माण पर रोक भी लगा दी है। बावजूद इसके शहर में वायु प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो पा रहा है। विभिन्न विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहे है परंतु एक्यूआई 250 के पार चल रहा है। सोमवार सुबह भी स्मॉग छाया रहा।
इस बीच लोहिया नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर में पूरे दिन आग लगी रही लेकिन नगर निगम का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। डंपिंग ग्राउंड से उठने वाली दुर्गंध से कई गांवों के लोग पहले से ही परेशान हैं।
----
विभिन्न इलाकों में एक्यूआई
जयभीमनगर 254
गंगानगर 275
पल्लवपुरम 253
बेगमपुल 270
दिल्ली रोड 255
-----
दिन और रात के तापमान में हुई वृद्घि
मोदीपुरम। दिन व रात के तापमान में सोमवार को वृद्घि दर्ज की गई। दिन का तापमान बढ़कर फिर 30 के पार पहुंच गया। दिन में खिली धूप निकलने से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। वहीं रात के तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हुई। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संवाद