सरधना (मेरठ)। क्षेत्र के दौराला रोड से तीन दिन पूर्व चोरी हुआ ट्रैक्टर अभी तक बरामद नहीं हो सका है। सोमवार को पीड़ित ट्रैक्टर मालिक ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द खुलासा किया जाएगा।
जनपद मुजफ्फरनगर के गांव टंडेरा निवासी गफ्फार पुत्र शमशेर ने थाना सरधना में तहरीर देते हुए बताया कि उसका चालक शोएब पुत्र शेर अली कुछ दिन पहले ट्रैक्टर-ट्राॅली में पशुओं का चारा लेकर सरधना आया था। यह चारा ठेकेदार इकरामुद्दीन ने मंगवाया था। गफ्फार के अनुसार, चालक ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को इकरामुद्दीन के ठिकाने पर खड़ा किया और उसकी देखरेख में छोड़कर वहां से चला गया। अगले दिन इकरामुद्दीन ने कॉल कर उसे बताया कि ट्रैक्टर चोरी हो गया है। सूचना मिलते ही गफ्फार सरधना पहुंचा और मौके पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू करते हुए कई लोगों से पूछताछ की। सोमवार को पीड़ित ने एक युवक को संदेह के आधार पर नामजद करते हुए तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।