संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र में गंगा का पानी कम होते ही सरकारी जमीन पर अवैध कब्जाें की शिकायत लगातार की जा रही है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। अब इस मामले में क्षेत्र के गांव जलालपुर जोरा निवासी नरेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री के नाम मवाना और अमरोहा एसडीएम सहित वन विभाग के अधिकारियों को शिकायत पत्र देकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करने की मांग की है।
नरेंद्र कुमार ने शिकायत में कहा कि उनके गांव के समीप तहसील की जमीन है जिसमें मवाना और अमरोहा का क्षेत्र शामिल है। बारिश के बाद गंगा की भौगोलिक स्थिति बदल जाती है। गंगा की हजारों हेक्टेयर सरकारी भूमि पर क्षेत्र के भूमाफिया ने अवैध कब्जा किया हुआ है। किसानों की लगानी भूमि पर भी कब्जा कर लगातार धमकी दी जा रही है। आरोप लगाया कि खादर क्षेत्र के भूमाफिया पर प्रशासन मेहरबान है क्योंकि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दर्जनों बार अधिकारियों से शिकायत की। अगर अब कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वह जनता दरबार में मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करेंगे।