रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के गांव सलाहपुर व पूठखास निवासी युवकों से खिवाई निवासी व्यक्ति ने खुद को एक बैंक का कर्मचारी बताकर लोन दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ितों ने एसएसपी से शिकायत की, लेकिन आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने पुलिस पर आरोपी से सांठगांठ का आरोप लगाया है।
गांव सलाहपुर निवासी तनवीर आलम से पांच लाख, दिलशाद से 1.20 लाख व गांव पूठखास निवासी शाहनवाज से डेढ़ लाख की ठगी करने का आरोप है। पीड़ितों ने दो महीने पहले एसएसपी से शिकायत की थी। इसकी जांच एसएसपी द्वारा सीओ सरधना को दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के साथ साठगांठ कर ली है। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि आरोपी रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पीड़ितों ने बताया कि कस्बा खिवाई निवासी एक युवक ने खुद को एक का कर्मचारी बताया और लगभग छह महीने पहले उनसे संपर्क किया। 50 लाख रुपये का बिजनेस लोन कराने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये देने की मांग की। कारोबारी ने उक्त कर्मचारी को पांच लाख रुपये की रकम दे दी। छह माह से अधिक समय गुजरने पर भी लोन नहीं हुआ। शक होने पर पीड़ित खिवाई कस्बे में पहुंचा, जहां पता चला कि आरोपी युवक किसी बैंक का कर्मचारी ही नहीं है।