सरधना। कस्बा करनावल निवासी 85 वर्षीय धर्मपाल ने कस्बा के ही आरोपी पर प्लाट के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कार्रवाई नहीं होने पर बुजुर्ग मंगलवार को तहसील परिसर में एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गया। पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बुधवार को साइकिल पर सवार होकर लखनऊ मुख्यमंत्री से मिलने जाएगा।
धर्मपाल ने बताया कि कई साल पहले उसने कस्बा निवासी आरोपी से एक प्लाट खरीदा था। आरोप है कि उस समय दिखाए गए प्लाट का बैनामा न कराकर आरोपी ने किसी अन्य भूमि का बैनामा कर दिया। बाद में असली प्लाट को किसी और को बेचकर कब्जा दिला दिया। तहसील में शिकायत की तो संबंधित अधिकारी ने साठगांठ कर जांच रिपोर्ट में आरोपी के पक्ष में तथ्य दर्शा दिए। वह कई बार तहसील में अधिकारियों से मदद की गुहार लगा चुका है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गया। पीड़ित बुजुर्ग ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह सीएम से मिलने के लिए साइकिल से लखनऊ के लिए रवाना होगा। एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि कांवड़ ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण तहसील नहीं जा सके। बुधवार को पीड़ित को बुलाकर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।