गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है। ऐसे में लांग ड्राइव में बड़ी चिंता गाड़ी का टायर पंचर होने या फटने की होती है, लेकिन नाइट्रोजन गैस से आप बेफिक्र होकर फर्राटा भर सकते हैं। शहर में नाइट्रोजन गैस टायरों में भरवाने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
दरअसल, गरम मौसम में सड़क पर जब कोई भी वाहन दौड़ता है तो टायर जल्दी गरम होता है। इसका कारण सड़क का ज्यादा गरम होना है। इसके चलते टायर के पंचर होने या फटने की संभावना कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। टायरों में सामान्य हवा के मुकाबले नाइट्रोजन गैस भरवाने से न केवल टायर फटने की संभावना खत्म सी हो जाती है बल्कि पंचर होने की संभावना कम ही रहती है।
रेट पांच रुपये प्रति टायर
कुछ महीनों के दौरान शहर में टायरों में नाइट्रोजन गैस भरने के प्वाइंट बढ़ने और इसकी कीमत कम होने की वजह से संख्या बढ़ी है। एक समय था, जब चारों टायरों में गैस भरवाने के लिए 70 से 80 रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब पांच रुपये प्रति टायर के हिसाब से गैस भरी जा रही है।
खास बात
सामान्य तौर पर टायरों में जिस गैस का इस्तेमाल किया जाता है, उसमें 78 फीसदी तक नाइट्रोजन होती है और 21 फीसदी हिस्सा ऑक्सीजन का होता है, जबकि बाकी बचे हुए हिस्से में वाष्प व कार्बन डाइऑक्साइड और नोबल गैस मौजूद होती है। अब जिस तरह से गैस गर्म होने पर फैलती है और ठंड होने पर सिकुड़ती है, ठीक यही बात टायर में मौजूद हवा के साथ भी होती है। गर्मी में टायर पंचर होने व फटने की संभावना ज्यादा रहती है।
नफा-नुकसान
- सामान्य हवा में आर्र्दता होती है, जिससे स्टील व एल्युमीनियम टायर रिम को भी नुकसान होता है, लेकिन नाइट्रोजन गैस के भरने पर टायर में मौजूद ऑक्सीजन डायल्यूट हो जाती है। ऑक्सीजन में मौजूद पानी की मात्रा को नष्ट कर देता है, जिससे टायर के रिम को नुकसान नहीं पहुंचता है, यानी उन्हें जंग नहीं लगता है।
- हवा के मुकाबले टायर में नाइट्रोजन गैस से माइलेज और हैंडलिंग कहीं ज्यादा बेहतर हो जाती है।
- नाइट्रोजन गैस से टायर में प्रेशर लंबे समय तक बना रहता है।
शहर में चलन बढ़ा
शहर में साकेत पेट्रोल पंप के साथ ही विक्टोरिया पार्क के पास स्थित टायर सोपी पर कई महीनों से नाइट्रोजन गैस की सुविधा है, जहां पर रोजाना 50 से 70 लोग नाइट्रोजन गैस भरवा रहे हैं। साथ ही गढ़ रोड, रुड़की बाईपास, दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, मवाना रोड के पेट्रोल पंपों और सर्विस सेंटरों पर नाइट्रोजन गैस की सुविधा है।