नौ दिन बाद खुली मेरठ की नवीन गल्ला मंडी
मेरठ। नौ दिन बाद शुक्रवार को नवीन गल्ला मंडी खुली। जहां दुकानदारों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली, वहीं बाहर से खरीदार भी पहुंचे। हालांकि पुराने दिनों की भांति कारोबार नहीं हुआ। व्यापारियों का मानना है कि पहले से ग्राहकों को मंडी खुलने की जानकारी नहीं थी। इसीलिए पहले दिन कारोबार कम हुआ है।
नवीन गल्ला मंडी से मेरठ ही नहीं बल्कि बागपत, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़ जनपद के कई कस्बों एवं गांवों में खाद्यान्न पहुंचता है। नवीन गल्ला मंडी में जहां तेल, मसाले, चावल एवं दाल आदि का कारोबार होता है। वहीं, पशु आहार का कारोबार भी बड़े स्तर पर होता है। इतना ही नहीं यहां फसलों के बीज का भी बड़ा कारोबार है। इस समय चारे की बुवाई चल रही है। शुक्रवार को मंडी का खुलना किसानों के लिए बहुत मददगार साबित हुआ। किसानों को मंडी से बीज एवं पशु आहार मिल सका। वहीं, नवीन गल्ला मंडी एसोसिएशन के प्रधान मनोज गुप्ता का कहना है कि गल्ला मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जा रहा है। प्रत्येक दुकान पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं मंडी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मास्क लगाने पर ही सामान दिया जा रहा है। सभी ग्राहकों को फोन पर संदेश दिया जा रहा है कि मंडी के लिए घर से मास्क लगाकर ही निकलें। मंडी खुलने से सभी व्यापारियों में खुशी है। वैसे भी व्यापारी प्रशासन के साथ हैं। इसलिए प्रशासन को भी व्यापारी एवं जनता के हित में खड़े रहना चाहिए।