- 800 मीटर सर्विस रोड के अभाव में गलत दिशा में चलने को हजारों लोग मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के निकट करीब 800 मीटर तक सर्विस रोड नहीं होने से हजारों ग्रामीण, स्कूल के सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से फफूंडा कट तक निरंतर सर्विस रोड न होने के कारण बिजौली, फफूंडा, खड़खड़ी, गोविंदपुरी सहित आसपास के गांवों के लोग मेरठ की ओर जाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाने को विवश हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद एनएचएआई ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
तेज रफ्तार वाहनों के बीच गलत दिशा से निकलने की मजबूरी हर दिन दुर्घटना की आशंका बढ़ा रही है। इस 800 मीटर की दूरी में मौजूद एक ढाबे पर हाईवे किनारे लंबे समय तक खड़े रहने वाले भारी ट्रक भी खतरे को और बढ़ा दे रहे हैं। ट्रकों के कारण दृश्यता प्रभावित होती है और छोटे वाहन चालकों को मुख्य मार्ग पर चढ़ने-उतरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन विभिन्न स्कूलों की बसें, वैन, किसान, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के स्कूल आने-जाने के समय सबसे अधिक चिंता बनी रहती है। गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने के बाद वाहनों की संख्या और गति दोनों बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड से फफूंडा कट तक निरंतर सर्विस रोड बनाने की मांग को लेकर कई बार जिला प्रशासन और एनएचएआई को लिखित ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
क्षेत्रवासियों ने कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले इस मार्ग का निरीक्षण कर सर्विस रोड का निर्माण, हाईवे किनारे ट्रकों की पार्किंग पर रोक और स्थानीय यातायात के लिए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
- गंगा एक्सप्रेसवे की आधारशिला के समय से ही ग्रामीणों ने 800 मीटर दूरी में मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड की मांग की थी, लेकिन एनएचएआई इस हिस्से को एक्सीडेंटल जोन बनाने में लगी है। -ऋषि त्यागी, सदस्य, जिला पंचायत
- गंगा एक्सप्रेसवे का संचालन शुरू होते ही वाहनों की गति बढ़ गई है। इसी रास्ते पर स्थित ढाबे पर ओवरलोड ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। गलत दिशा में आने वाले वाहन कभी भी बड़े हादसे का शिकार हो सकते हैं। -राजीव अधाना, अध्यक्ष, भाकियू भानु, पश्चिमी उत्तर प्रदेश
- प्रतिदिन सुबह के समय बिजौली, गोविंदपुरी व खड़खड़ी आदि कई गांवों से बच्चों से भरी स्कूल की बसें भी गलत दिशा में चलकर फफूंडा कट तक पहुंचती हैं। किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। -सतीश शर्मा निवासी बिजौली
कोट...
मेरठ बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्विस रोड पर रॉन्ग साइड आने वाले वाहनों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सर्विस रोड की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों द्वारा कई बार डिमांड की जा चुकी है। जल्द ही इस पर उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। - साकेत मिश्रा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
गंगा एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड से फफूंडा कट तक सामने से आ रही तेज गति ट्रक के बीच से गुजराती स
गंगा एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड से फफूंडा कट तक सामने से आ रही तेज गति ट्रक के बीच से गुजराती स
गंगा एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड से फफूंडा कट तक सामने से आ रही तेज गति ट्रक के बीच से गुजराती स