जिले के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में आज से नए सत्र की रौनक होगी। नए सत्र के लिए परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निशुल्क वितरित की जाने वाली किताबें बीआरसी पहुंचा दी गई हैं। इस वर्ष जिले में एक लाख से अधिक छात्रों को यह किताबें दी जाएंगी। बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि नए सत्र के लिए 83 प्रतिशत किताबें जिले में पहुंच गई हैं। उन्हें बीआरसी पर भेजा जा रहा है।
विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन के लिए स्कूल चलो अभियान भी संचालित किया जाएगा। यह अभियान दो चरणों में होगा। इसके तहत जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में कार्यक्रम होगा। इसमें प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर निकाय प्रतिनिधि, सीडीओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। प्रथम चरण में एक से 15 अप्रैल तक अभियान चलेगा।
प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक ट्रांजिशन रजिस्टर रखा जाएगा। इसमें पिछले शैक्षिक सत्र में कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं का विवरण और उनके द्वारा कक्षा नौ में प्रवेश लेने की स्थिति का उल्लेख किया जाएगा। इसी तरह प्रत्येक हाईस्कूल विद्यालय में एक ट्रांजिशन रजिस्टर रखा जाएगा। इसमें में विगत शैक्षिक वर्ष में कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी का विवरण, उनके द्वारा कक्षा 11 में प्रवेश लेने की स्थिति का उल्लेख किया जाएगा।
प्रत्येक राजकीय तथा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए पांच किलोमीटर की परिधि में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को फीडर विद्यालय के रूप में चिह्नित किया जाएगा। माध्यमिक विद्यालय द्वारा फीडर विद्यालय के कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को कक्षा नौ में प्रवेश दिया जाएगा। अभिभावक के किसी अन्य विद्यालय में नामांकन कराने के अनुरोध पर ही इससे छूट दी जाएगी।
दूसरे चरण में एक जुलाई से चलेगा अभियान
प्रथम चरण में बचे विद्यार्थियों का द्वितीय चरण आगामी एक से 15 जुलाई के बीच होगा। इसमें कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9 एवं कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 11 में प्रवेश दिया जाएगा। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ला ने अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।