खेल विश्वविद्यालय में खेल विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, खेल कोचिंग, खेल प्रबंधन और खेल पत्रकारिता जैसे पाठ्यक्रम शुरू होंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के मानसिक विकास और शारीरिक विकास के लिए यहां योग, खेल मनोविज्ञान, खेल पोषण और खेल प्रौद्योगिकी जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में भी पाठ्यक्रम शुरू कराए जा सकते हैं। शारीरिक शिक्षा में शारीरिक गतिविधि, स्वास्थ्य और फिटनेस के सिद्धांतों को सिखाया जाएगा।
खेल विज्ञान में खेल और व्यायाम के दौरान मानव शरीर की प्रतिक्रियाओं का अध्ययन किया जाता है। इसमें शरीर क्रिया विज्ञान, बायोमैकेनिक्स और खेल पोषण शामिल हैं। खेल कोचिंग में विशिष्ट क्षेत्रों में कोचिंग और प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल प्रबंधन में खेल संगठनों, सुविधाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाती है। खेल पत्रकारिता में खेल रिपोर्टिंग, लेखन और प्रसारण की जानकारी का अध्ययन कराया जाता है। योग में डिप्लोमा और स्नातकोत्तर तक कराया जाता है। खेल मनोविज्ञान की बात करें, तो इसमें एथलीटों के मानसिक स्वास्थ्य और प्रदर्शन पर अध्ययन कराया जाता है। इसके अलावा खेल पोषण में पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी दी जाती है। इसके अलावा एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, मुक्केबाजी, क्रिकेट, फुटबाल, हैंडबाल, कबड्डी, लॉन टेनिस, वॉलीबाल, कुश्ती, योग, जूडो, तैराकी, हॉकी, शूटिंग, तलवारबाजी का अध्ययन कराया जा सकता है। विभाग की ओर से बीपीएड और एमपीएड पाठ्यक्रम की स्वीकृ़ति के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
खेल विवि में इनका कराया जा रहा निर्माण
परियोजना में ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल, जिम्नेजियम, योगा हॉल, ट्रैक एंड फील्ड, फुटबाल और हॉकी ग्राउंड, बास्केटबाल कोर्ट, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट एरिया, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गेस्ट हॉस्टल, और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाॅक, एकेडमिक ब्लाक, क्लासरूम कांप्लेक्स, सेंट्रल लाइब्रेरी, वर्कशाप, वीसी रेजिडेंस, रेजिडेंस टाइप-2, 3, 4, 5 गर्ल्स हास्टल सिंगल व ट्रिपल सीटर, ब्वायज हास्टल सिंगल व ट्रिपल सीटर, गेस्ट हास्टल, मैस ब्वायज व गर्ल्स, हेल्थ सेंटर, फेसिलिटी सेंटर, मेंटीनेंस आफिस, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसमें फुटबाल मैदान, जिम्नेजियम हाॅल, योगा हाॅल, स्वीमिंग पूल, ट्रैक फील्ड, हाॅॅकी ग्राउंड, बाॅस्केटबाल हाॅल, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शाॅटपुट के मैदान तैयार हो रहे हैं। खेल मैदान के लिए ही 10 एकड़ जमीन दिए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।
वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी : कुलपति
कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने कहा कि खेल विवि में छात्र-छात्राओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने विवि का आधिकारिक लोगो, ध्वज, परिधान और अभिवादन वाक्य का लोकार्पण कर दिया है। कई नए कोर्स भी नए सत्र से शुरू होने की उम्मीद है।