मेरठ। धनतेरस से भैयादूज पर्व के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस का नया डायवर्जन प्लान आज बुधवार सुबह सात बजे से 16 नवंबर की आधी रात तक लागू रहेगा। शहरी क्षेत्र में भारी वाहन 24 घंटे प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि पहली बार आबूलेन और सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर को राहत देते हुए हल्के वाहनों के संचालन की छूट दी गई है।
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बेगमपुल चौराहा से आकाश गंगा साड़ी सेंटर तक दीपावली मेला और लाइटिंग व्यवस्था होने के चलते बेगमपुल से जीआईसी के बीच सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जीरो माइल चौराहा से बेगमपुल, भैसाली डिपो व हापुड़ रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। रोडवेज बसों और ट्रकों का नया रूट तय किया गया है। जहां यातायात का अधिक दबाव रहता है, ऐसे 36 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई है। सिटी बसें पहले से बंद हैं।
यहां रहेंगे सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित
- कॉआपरेटिव चौराहा से पीएल शर्मा रोड होकर बेगमपुल की तरफ
- खैरनगर चौराहा से खैरनगर मार्केट व वैली बाजार चौराहा की तरफ
- घंटाघर से वैली बाजार चौराहे की तरफ
- देहली गेट, प्याऊ चौराहा, शिवचौक से कबाड़ी बाजार, वैली बाजार, सराफा की तरफ
- शहर कोतवाली से सराफा की तरफ
- बेगमपुल चौराहा से आकाश गंगा साड़ी सेंटर तक
- शास्त्रीनगर एल ब्लॉक तिराहे से हापुड़ अड्डे की तरफ
- बेगमपुल, आबूलेन, कमिश्नरी आवास चौराहा, एलआईसी पेट्रोल पंप, जेल चुंगी चौराहा से शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहन